इटावा। संगठन विस्तार के तहत कांग्रेस अधिवक्ता प्रकोष्ठ में प्रदेश महासचिव एड० विष्णु कांत मिश्रा, प्रदेश सचिव एड० प्रशांत दुबे एवं जिला अध्यक्ष मोहित प्रताप सिंह को मनोनीत किया गया है। इसी के अंतर्गत शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के नेतृत्व में तीनों नवनियुक्त पदाधिकारीयों की एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन कांग्रेस कार्यालय नगर पालिका पर किया गया। अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव विष्णु कांत मिश्रा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ता वर्ग सदैव से ही संविधान का रक्षक रहा है। वर्तमान समय में भाजपा सरकार द्वारा जितने भी संविधान विरोधी और जनहित विरोधी कार्य किये जा रहे हैं हम अधिवक्ता गण उसके विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे।
इसी क्रम में प्रदेश सचिव एड० प्रशांत दुबे ने अपनी बात रखते हुए कहा की अधिवक्ता प्रकोष्ठ के गठन का मुख्य कारण यह भी है कि भाजपा सरकार द्वारा आए दिन ग़रीब जनता विशेषतः कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कानूनी दांव-पेंचों औ झूठे मुकदमों में फंसाया जाने लगा है ऐसे पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता देकर उनकी लड़ाई लड़ना है । नव मनोनीत ज़िला अध्यक्ष मोहित प्रताप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि अधिवक्ता प्रकोष्ठ समाज के सभी वर्गों को जो पीड़ित और शोषित हैं। बिना फीस लिए हुए विधिक सहायता प्रदान करेगा। इसी के साथ ही साथ जहां भी संविधान और कानून का उल्लंघन होगा वहां सबसे आगे खड़ा दिखाई देगा।
जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने सभी मनोनीत पदाधिकारीयों को उनके सफलतम् भविष्य के लिए हार्दिक बधाई दी।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से पूर्व ज़िला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष एड०पल्लव दुबे,पीसीसी मेंबर प्रशांत तिवारी, ज़िला प्रवक्ता वाचस्पति द्विवेदी, ज़िला प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी, सरवर अली एवं अंसार अहमद आदि उपस्थित रहे।
समाज के किसी भी वर्ग के पीड़ित को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करेगा अधिवक्ता प्रकोष्ठ

