भिण्ड 29 जनवरी 2026/ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में महाविद्यालयीन जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम पीएम श्री शासकीय माध्यमिक विद्यालय गोरमी में आयोजित किया गया। इस दौरान नगर परिषद गोरमी अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा महेश्वरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक विकास और अनुशासन भी सिखाता है। आज के दौर में जब युवा मोबाइल की दुनिया में खोते जा रहे हैं, तब खेलकूद उन्हें वास्तविक जीवन से जोड़ता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मैदान पर मिली सफलता जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। यह आत्मविश्वास बढ़ाता है, टीमवर्क सिखाता है और असफलता से उबरने की क्षमता प्रदान करता है।
श्री शुक्ला ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार खेल विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। शासन की योजना के तहत स्कूलों और महाविद्यालयों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। गोरमी जैसे क्षेत्रों में ऐसी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पदक जीतना महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल में भाग लेना और भी बड़ा है। प्रत्येक छात्र ने जो प्रयास किया, वह प्रशंसनीय है।
मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र से जोड़ते हुए कहा कि खेल की तरह ऊर्जा क्षेत्र भी निरंतर ऊर्जा और नवाचार की मांग करता है। सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा जैसे स्रोतों से हम पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। युवाओं को खेल के साथ-साथ विज्ञान और तकनीक की ओर भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है, जो राष्ट्र निर्माण का आधार है।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला द्वारा जिला स्तरीय पिट्टू (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेता टीम को सील्ड एवं मैडल देकर सम्मानित किया।
खेल मैदान पर मिली सफलता जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है – मंत्री श्री राकेश शुक्ला

