Headlines

पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

इटावा। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विविध शैक्षणिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। विद्यार्थियों द्वारा ‘Unity’ (एकता) की आकर्षक मानव श्रृंखला बनाकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न कक्षाओं के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन भी किया गया। इसके अंतर्गत नर्सरी से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों को जय गुरुदेव मंदिर, इटावा एवं वृंदा हर्बल पार्क का भ्रमण कराया गया। वहीं कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों ने वृंदा हर्बल पार्क का भ्रमण कर प्राकृतिक वातावरण एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ज्ञान अर्जित किया। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को इटावा लायन सफारी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां बच्चों ने वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सुरेश चंद्र यादव , सेवानिवृत्त बीएसएफ कमांडेंट ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशभक्ति एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को एकजुट रहकर देश की प्रगति में योगदान देने का संदेश दिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव जी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को देश की महान विभूतियों, राष्ट्रीय मूल्यों, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराना भी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

Please follow and like us:
Pin Share