मुरैना/आगरा (मनोज जैन नायक) जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपरा, धार्मिक आस्था और विश्वशांति के संदेश को समर्पित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ महोत्सव का आयोजन 16 से 25 नवंबर 2026 तक पी एन सी परिवार आगरा द्वारा कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, एस-19 में किया जाएगा। PNC परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस दस दिवसीय महोत्सव में जैन समाज के श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी बंधु विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर धर्माराधना करेंगे।
महोत्सव में परम पूज्य मुनिश्री 108 समत्वसागर महाराज, मुनिश्री शीलसागर महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा। महोत्सव की धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आशीष जैन शास्त्री, सागर (दमोह) के निर्देशन में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई जाएंगी। भोपाल के सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं संगीतकार लोकेश जैन एंड पार्टी संगीतमय प्रस्तुतियों से धर्ममय वातावरण बनाएगी। मंच संचालन का दायित्व मनोज जैन कासलीवाल, आगरा निभाएंगे।
घटयात्रा के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव के आयोजक PNC परिवार आगरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव का शुभारंभ 16 नवंबर को प्रातः 6:30 बजे मंत्राराधना, देवाज्ञा, गुरु आज्ञा, यंत्राभिषेक एवं जाप संकल्प के साथ होगा। इसके बाद भव्य घटयात्रा शोभायात्रा के रूप में डी ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर सी ब्लॉक से भ्रमण करते हुए ध्वजारोहण स्थल पर बने मुख्य पांडाल पहुंचेगी।
17 नवंबर को अभिषेक, शांतिधारा, सकलीकरण, इंद्र प्रतिष्ठा, मंडल स्थापना, नित्यनियम पूजन एवं विधान का शुभारंभ होगा। इस दौरान पूज्य मुनिश्री के प्रवचन तथा मुनिश्री समत्वसागर महाराज द्वारा जिज्ञासा समाधान किया जाएगा।
18 से 24 नवंबर तक श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत सिद्ध भगवान की आराधना करते हुए अर्घ्य समर्पित किए जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक क्रियाओं एवं पूजन-अर्चना के माध्यम से श्रद्धालु पुण्यार्जन करेंगे।
25 नवंबर को विश्वशांति महायज्ञ एवं भव्य शोभायात्रा
महोत्सव का समापन 25 नवंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। इस दिन प्रातः 9:30 बजे विश्वशांति महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात श्रीजी की भव्य शोभायात्रा कमला नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, कमला नगर पहुंचेगी। मंदिर में कलशाभिषेक, शांतिधारा, नित्यनियम पूजन, महाराजश्री की मंगल देशना एवं पुनः जिनबिंब स्थापना के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद वात्सल्य भोज एवं विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन सायं 7:30 बजे समापन एवं सम्मान समारोह के साथ भव्य संगीतमय भजन संध्या आयोजित होगी।
PNC परिवार निभाएगा आयोजन में प्रमुख भूमिका
इस भव्य धार्मिक महोत्सव में PNC परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। परिवार के मुखिया प्रदीप जैन एवं श्रीमती मीना जैन महायज्ञनायक की भूमिका में रहेंगे। सांसद नवीन जैन एवं श्रीमती रेणु जैन सौधर्म इंद्र-इंद्राणी के रूप में शामिल होंगे। वहीं, चक्रेश जैन एवं श्रीमती माधवी जैन तथा योगेश जैन एवं श्रीमती आशिता जैन यज्ञनायक की भूमिका निभाएंगे। PNC परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न धार्मिक भूमिकाओं में अनुष्ठान में सहभागिता करेंगे।
आयोजन को सफल बनाने में आगरा दिगम्बर जैन परिषद, दिगम्बर जैन शिक्षा समिति, सकल जैन समाज आगरा एवं अखिल भारतीय जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार का विशेष सहयोग रहेगा।
आगरा में 16 से 25 नवंबर तक होगा श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ महोत्सव

