Headlines

अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में ट्विंकल यादव ने जीता रजत पदक

इटावा। पुलिस मॉडर्न स्कूल की होनहार जूडो खिलाड़ी ट्विंकल यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया है। लखनऊ में आयोजित 2026 इंटरनेशनल स्पोर्ट्स ओलंपियाड में ट्विंकल ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।24 से 27 अक्टूबर तक लखनऊ के सीएमएस आरडीएसओ कैंपस में आयोजित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान और श्रीलंका के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सब-जूनियर वर्ग के 57 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में मुकाबला करते हुए ट्विंकल यादव ने श्रीलंका की खिलाड़ी को पराजित कर रजत पदक अपने नाम किया।इस उपलब्धि पर सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने ट्विंकल यादव को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने ट्विंकल को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर जनपद और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
ट्विंकल यादव महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम इटावा में कोच दीक्षा अवस्थी के निर्देशन में नियमित रूप से जूडो का अभ्यास करती हैं। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात रामगोपाल शर्मा, पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share