इटावा।सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी महाराज के आगामी 24 नवंबर को मनाए जाने वाले पावन प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के उपलक्ष्य में निकाली जा रही 15 दिवसीय प्रभात फेरी मंगलवार को अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई।सुबह की पावन बेला में शास्त्री चौराहा स्थित संजीव लूथरा व वंदना लूथरा के आवास पर प्रभात फेरी के पहुँचने पर परिजनों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।इस अवसर पर ज्ञानी अमर जीत सिंह खालसा व किशन जी ने अपनी मधुर वाणी में गुरुवाणी एवं शबद-कीर्तन प्रस्तुत कर उपस्थित संगत को निहाल कर दिया।वातावरण ‘धन गुरु नानक’ व ‘जो बोले सो निहाल के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम के दौरान श्री गुरु तेग बहादुर साहिब गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष तरन पाल सिंह कालरा ने प्रभात फेरी के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रातः बेला में गुरुवाणी और प्रभु सिमरन से मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह प्रकाश पर्व के आगमन का प्रतीक है।श्री कालरा ने कहा कि यह प्रभात फेरी जन-जन तक गुरु नानक देव जी के प्रमुख संदेशों—एक ओंकार (ईश्वर एक है,निराकार व सत्य है),नाम जपो (ईश्वर का निरंतर स्मरण),किरत करो (ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका कमाना),वंड छको (अपनी कमाई जरूरतमंदों व समाज के साथ बांटकर खाना) तथा जाति, धर्म,वर्ग व लिंग के भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों (अंधविश्वास व बाह्य दिखावे) का त्याग कर निस्वार्थ सेवा व आपसी भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश पहुँचाने का माध्यम है।प्रभात फेरी और स्वागत कार्यक्रम में राजेन्द्र भसीन, अंजू भसीन,शिवम अरोरा, श्रेया अरोड़ा,ममता अरोड़ा, ऋषी लूथरा रेहान परिवार, लूथरा परिवार,अलवानी परिवार,सेठी परिवार व कालरा परिवार के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में सिख संगत और सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।सभी ने आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ गुरु महाराज का परसाद प्राप्त किया
प्रभात फेरी में गूंजे ‘धन गुरु नानक’ के जयकारे, पुष्प वर्षा कर संगत ने किया भव्य स्वागत

