ग्वालियर। अग्रकुल महिला समिति की संस्थापक अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल एवं रश्मि अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं आयोजन में इस वर्ष भी तुलसी विवाह महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में विवाह से एक दिन पूर्व 17 नवंबर को भगवान शालिग्राम एवं तुलसी महारानी के विवाह की विभिन्न पारंपरिक रस्मों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम भगवान शालिग्राम जी के माता-पिता के रूप में शिल्पी अग्रवाल एवं राहुल अग्रवाल तथा तुलसी मैया के माता-पिता के रूप में रश्मि अग्रवाल एवं रुपेश अग्रवाल ने सभी रस्में निभाईं। दोपहर में विधि-विधान एवं मांगलिक वातावरण के बीच भगवान शालिग्राम जी का टीका किया गया तथा तुलसी मैया की गोद भराई की रस्म संपन्न हुई। इस अवसर पर महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं और वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
इसके पश्चात हल्दी, मेहंदी एवं तेल चढ़ाने की रस्में पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मेहंदी समारोह रहा। इसके लिए विशेष रूप से प्रोफेशनल मेहंदी आर्टिस्ट को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने लगभग 80 महिलाओं के हाथों में सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी रचाई। महिलाओं में मेहंदी लगवाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में लेडीज संगीत का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक विवाह गीतों, संगीत और नृत्य के बीच पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो घर में किसी वास्तविक विवाह समारोह की रौनक छाई हो।
इस आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने में समिति के सभी सदस्यों के साथ लक्ष्मीनारायण अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल का भी विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
इस तुलसी महारानी विवाहोत्सव की संयोजिकाओं में प्रियंका अग्रवाल, सपना अग्रवाल, आरती अग्रवाल, डिम्पी गुप्ता, आरती बंसल, मंजू बंसल, सरोज अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग, संगीता मंगल, वर्षा अग्रवाल, गीता गर्ग, अंजलि जैन, लक्ष्मी अग्रवाल, राखी अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, अनु अग्रवाल, दिव्या अग्रवाल, पारुल जैन, मधु अग्रवाल, अलका गुप्ता एवं संगीता अग्रवाल सहित सभी सदस्यों का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रही।
उल्लेखनीय है कि तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन 18 नवंबर को मिलन गार्डन में भव्य रूप से संपन्न होगा। इस अवसर पर भगवान शालिग्राम एवं तुलसी महारानी का विवाह पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों, मांगलिक गीतों, बारात एवं सात फेरों की रस्मों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। अग्रकुल महिला समिति की सभी सदस्य इस पावन आयोजन को यादगार बनाने के लिए उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटी हुई हैं।

