इटावा। जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का प्रकाशन करते हुए उसकी प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें आलेख्य निर्वाचक नामावली, पुनरीक्षण कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, संशोधन कराने एवं नाम अपमार्जित कराने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आलेख्य निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों के एकीकृत आलेख्य का प्रकाशन किया गया है। इसके उपरांत 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण कराना है। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के पुनर्समायोजन के उपरांत जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की स्थिति निर्धारित की गई है। इसके अनुसार विधानसभा क्षेत्र 199 जसवंतनगर में 338 मतदान केंद्र एवं 467 मतदेय स्थल, 200 इटावा में 242 मतदान केंद्र एवं 442 मतदेय स्थल तथा 201 भरथना में 361 मतदान केंद्र एवं 482 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 941 मतदान केंद्र एवं 1391 मतदेय स्थल हों जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा उससे पूर्व कर चुके हों, वे अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, संजीव भदौरिया भाजपा, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, प्रदीप शाक्य बबलू समाजवादी पार्टी, प्रेरणा जुबैरी कांग्रेस, इकरार अहमद आम आदमी पार्टी, मुकेश कुमार अपना दल, हरि शंकर पटेल अपना दल, नरेंद्र जाटव बहुजन समाज पार्टी, राघवेंद्र अवस्थी बसपा, डॉ आनंद जाटव बसपा, डॉ शौकीन सिंह सीपीआई सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने की बैठक

