इटावा। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से आरपीएफ और जीआरपी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ के दिनेश कुमार एवं जीआरपी के यदुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों के आवागमन वाले स्थानों पर चेकिंग की।इस दौरान पुलिसकर्मियों ने यात्रियों की सुरक्षा का जायजा लेने के साथ ही उन्हें सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। वहीं ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों को आवश्यक मदद भी उपलब्ध कराई गई, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।अभियान के दौरान एसआई राम प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया।
त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

