Headlines

कानपुर–आनंद विहार एक्सप्रेस का इटावा में ठहराव, 600 से अधिक यात्रियों ने किया सफर

इटावा। कानपुर और नई दिल्ली के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित नियमित ट्रेन सेवा का सोमवार को शुभारंभ हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आयोजित समारोह में वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन शाम 5:17 बजे इटावा जंक्शन पहुंची। यहां से दिल्ली और अन्य स्थानों के लिए 600 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। ट्रेन का नियमित संचालन 19 नवंबर से शुरू होगा।कानपुर और आनंद विहार के बीच नई ट्रेन चलाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को इस ट्रेन का उद्घाटन किया गया। कानपुर सेंट्रल पर आयोजित समारोह के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। शाम को इटावा जंक्शन पहुंची फूलों से सजी ट्रेन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग प्लेटफार्म पर मौजूद रहे। युवाओं में ट्रेन के साथ सेल्फी लेने का उत्साह दिखाई दिया। हालांकि, नई ट्रेन के इटावा पहुंचने पर किसी जनप्रतिनिधि या रेलवे अधिकारी की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया।ट्रेन के पहुंचने से पहले ही टीआई प्रशांत तिवारी, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह अपनी टीम के साथ स्टेशन पर पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारियों ने अपनी देखरेख में यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन में सवार कराया। ट्रेन के रवाना होने तक आरपीएफ और जीआरपी की टीम प्लेटफार्म पर मुस्तैद रही।गाड़ी संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल–आनंद विहार एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 8:40 बजे कानपुर से रवाना होगी और रात 10:38 बजे इटावा पहुंचेगी। इसके बाद टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।वहीं, गाड़ी संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 11:25 बजे आनंद विहार से चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 4:20 बजे इटावा पहुंचेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।

Please follow and like us:
Pin Share