Headlines

मोबाइल मैकेनिक से दुकान में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सैफई: थाने से करीब 200 मीटर दूर सेठ जी होटल के नीचे स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में रविवार दोपहर कार सवार पांच लोगों ने घुसकर मैकेनिक के साथ मारपीट की। हमले में मैकेनिक घायल हो गया और दुकान में भी तोड़फोड़ की गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मैनपुरी जिले के थाना बरनाहल क्षेत्र के नगला रवे खैरनदेशनगर निवासी बिजेंद्र सिंह पुत्र जयराम सिंह सैफई में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे विटारा कार से पांच लोग दुकान पर पहुंचे। इनमें आलोक यादव पुत्र मिलाव सिंह और उसका छोटा भाई भी शामिल था। आरोप है कि सभी दुकान में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में उनके मुंह और दांतों में चोटें आईं। हमलावरों ने दुकान में रखे सामान और मोबाइल के पार्ट्स भी तोड़ दिए। पीड़ित ने गले में पहनी सोने की चेन छीनने और जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में चार-पांच लोग मैकेनिक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद घटना चर्चा में है। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामला दर्ज किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please follow and like us:
Pin Share