इटावा। यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 के तहत रविवार को इटावा पुलिस ने ई-रिक्शा कलर कोडिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात राम गोपाल शर्मा की मौजूदगी में नगर क्षेत्र में संचालित ई-रिक्शा को निर्धारित रूटों के अनुसार अलग-अलग रंगों के कोड लगाए गए। अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों की इच्छानुसार करीब 350 ई-रिक्शा पर कलर कोडिंग की गई।ई-रिक्शा के सुचारु संचालन के लिए तीन रूट निर्धारित किए गए हैं। रूट संख्या-01 के लिए लाल रंग, रूट संख्या-02 के लिए पीला रंग और रूट संख्या-03 के लिए हरा रंग तय किया गया है। लाल रंग के रूट में रेलवे स्टेशन से चौधरी पंप तिराहा, बस स्टैंड, पक्का बाग, रामलीला रोड, गाड़ीपुरा चौराहा, नगर पालिका चौराहा, नौरंगाबाद, साबितगंज, रामगंज और तकिया तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन तक का मार्ग शामिल है।वहीं पीले रंग के रूट में रेलवे स्टेशन से पक्का तालाब, सीओ सिटी चौराहा, पचराहा, टीटी तिराहा, लोहन्ना चौराहा, साईं धर्म कांटा, सरैया रोड और एसएसपी चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अलावा एसएसपी चौराहे से सेंट मैरी स्कूल और आईटीआई चौराहा होते हुए पीएसी तक ई-रिक्शा संचालित होंगे। हरे रंग के रूट में रेलवे स्टेशन से भरथना चौराहा, बसरेहर रोड, विजय नगर, पचावली रोड और भरथना रोड को शामिल किया गया है।अभियान के दौरान महिला थाना प्रभारी आकांक्षा सिंह ने अपनी टीम के साथ मिशन शक्ति एवं मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।इस मौके पर यातायात प्रभारी संजय सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित रूटों पर ही वाहन संचालित करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस के अनुसार शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलर कोडिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इटावा में 350 ई-रिक्शा पर लगाए गए कलर कोड, तीन रूटों में किया गया संचालन निर्धारित

