ग्वालियर। प्रदेश के व्यापारियों को एकजुट कर आर्थिक विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने के संकल्प के साथ कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में समृद्धि कलश यात्रा एवं कलश स्थापना कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान की खासियत यह होगी कि प्रत्येक जिले के बाजार की मिट्टी एकत्रित कर विशेष कलश में रखी जाएगी। सभी जिलों के कलश 18 नवंबर को भोपाल में एक साथ जुटेंगे और उनसे तैयार महा कलश मुख्यमंत्री को भेंट किया जाएगा।
कैट मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने पत्रकारवार्ता में बताया कि अभियान का उद्देश्य ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश’ के संकल्प को साकार करना है। प्रत्येक जिले के बाजार की मिट्टी वहां के व्यापारियों की मेहनत, ईमानदारी और परिश्रम का प्रतीक होगी। मिट्टी से भरे स्टील के कलश को लाल कपड़े, आम के पत्तों और नारियल से सजाया जाएगा।
16 नवंबर को एक साथ होगी स्थापना
प्रदेश के सभी 55 जिलों में 16 नवंबर को सुबह 11 बजे एक साथ कलश स्थापना कार्यक्रम होगा। इसके लिए प्रत्येक जिले के बाजार अथवा मंडी में आयोजन किया जाएगा। इसमें व्यापारी अपने बाजार की एक-एक मुट्ठी मिट्टी कलश में डालेंगे।
18 नवंबर को भोपाल में जुटेंगे 55 कलश
कलश स्थापना के बाद 18 नवंबर को सभी जिलों के अध्यक्ष अपने-अपने कलश लेकर भोपाल पहुंचेंगे। मिंटो हॉल में आयोजित समारोह में इन कलशों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश के दस संभागों के प्रतिनिधि जिला अध्यक्षों के माध्यम से महा कलश मुख्यमंत्री को भेंट करेंगे। इसके बाद 55 जिलों से एकत्रित मिट्टी को मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।
प्रदेश और जिला टीम का होगा शपथ ग्रहण
समारोह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कैट की प्रदेश एवं जिला स्तरीय टीम का शपथ ग्रहण भी होगा। पदाधिकारी व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापारिक एकता मजबूत करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करने का संकल्प लेंगे।
व्यापार कल्याण बोर्ड के गठन पर अभिनंदन
कैट ने मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के गठन को व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कैट पदाधिकारी मुख्यमंत्री मोहन यादव का नागरिक अभिनंदन करेंगे। इस दौरान व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाएंगे।
कार्यक्रम प्रभारी राजीव बदहेरिया और कलश यात्रा प्रभारी एवं संयुक्त अध्यक्ष गोविंद दास असाटी ने कहा कि कैट की टीम व्यापारिक समुदाय के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा और समर्पण से निर्वहन करने की शपथ लेगी। पत्रकारवार्ता में हिमांशु छापरिया, धनराज सेवानी सहित कैट के पदाधिकारी मौजूद रहे।

