बकेवर, इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम दिलीप नगर में मारपीट, जानलेवा हमला, लूटपाट और महिला के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता किरन देवी ने थाना पुलिस पर शिकायत के बावजूद सुनवाई न करने और एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, राज्य महिला आयोग और एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।पीड़िता के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम गांव के छह नामजद और तीन अज्ञात लोगों ने उसके पति शिववीर सिंह पर लाठी-डंडों और तमंचे से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके शरीर पर तीन स्थानों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावर 10,500 रुपये नकद, चांदी की चेन और मोबाइल फोन भी लूट ले गए।किरन देवी का कहना है कि घटना के बाद डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना देकर शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद न तो पति का मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
बकेवर में जानलेवा हमला, लूट और महिला से अभद्रता का आरोप, पुलिस पर FIR दर्ज न करने का आरोप

