इटावा। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के बायो सेक्शन के छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीव विज्ञान एवं चिकित्सा विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को वास्तविक चिकित्सा परिवेश से जोड़ना रहा।शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एनाटॉमी विभाग, म्यूजियम, डिसेक्शन हॉल एवं हिस्टोलॉजी प्रयोगशाला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना, विभिन्न अंगों, ऊतकों तथा चिकित्सा शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां व्यावहारिक रूप से समझाई गईं।इस अवसर पर डॉ. शुभम, डॉ. नीलम, डॉ. नवीन, डॉ. मुकेश, डॉ. जय शंकर विद्यार्थी एवं डॉ. विपिन ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए एनाटॉमी एवं हिस्टोलॉजी से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और रुचि के साथ विभिन्न विभागों का भ्रमण किया तथा चिकित्सा क्षेत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।म्यूजियम एवं डिसेक्शन हॉल का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से ज्ञानवर्धक और अनुभवात्मक रहा। वहीं हिस्टोलॉजी लैब में उन्हें सूक्ष्म स्तर पर ऊतकों के अध्ययन तथा प्रयोगशाला में अपनाई जाने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी मिली। विद्यार्थियों ने पुस्तकों में पढ़ी गई विषयवस्तु को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उसके व्यावहारिक पक्ष को समझा।विद्यालय परिवार ने UPUMS, सैफई के चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान को पुस्तकीय शिक्षा से आगे ले जाकर व्यावहारिक अनुभव से जोड़ते हैं। ऐसे अवसर विद्यार्थियों में विज्ञान एवं चिकित्सा के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने के साथ ही उन्हें भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।उन्होंने कहा कि पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कक्षा-कक्ष की शिक्षा के साथ-साथ अनुभवात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षण पर भी विशेष जोर देता है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाता है, ताकि वे विषयों को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर बेहतर ढंग से समझ सकें।
पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के बायो सेक्शन के विद्यार्थियों ने किया UPUMS का शैक्षणिक भ्रमण

