फिरोजाबाद। समाज की महिलाओं को एकजुट कर उन्हें धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से श्री दिगम्बर जैन महिला खरौआ महासमिति, फिरोजाबाद का गठन किया गया। मंगलवार को जैन भवन, चौकी गेट पर आयोजित बैठक में करीब 120 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ जलालपुर मंदिर के संस्थागत अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश जैन द्वारा चित्र अनावरण तथा खरौआ महासमिति के अध्यक्ष संजय कुमार जैन ‘बल्ले’ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय दिगम्बर जैन खरौआ महासमिति के मुख्य परामर्शदाता अरुण कुमार जैन, पीली कोठी, महामंत्री पंकज जैन, एलआईसी, कोषाध्यक्ष संजीव कांत जैन ‘संजू’ तथा ऑडिटर श्री अजय कुमार जैन, भारत केमिकल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
क्षेत्रवार संयोजिकाओं का चयन
महिला महासमिति को मजबूत और व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से एरियावाइज संयोजिकाओं का चयन किया गया। इसके माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र की महिलाओं तक महासमिति की गतिविधियों को पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
चयनित संयोजिकाओं ने अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हुए समाज की महिलाओं को एकजुट करने, धार्मिक आयोजनों में उनकी सहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता केवल उसकी संख्या से नहीं, बल्कि एकजुटता, सक्रियता और आपसी सहयोग से तय होती है। महिला महासमिति समाज की महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी, जहां वे सामूहिक रूप से समाजहित के कार्यों को नई दिशा दे सकेंगी।बैठक में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने संगठन की मजबूती का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि जब सभी लोग एक उद्देश्य के लिए मिलकर कार्य करते हैं तो संगठन की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। एक और एक ग्यारह बनकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सामने आया।नवगठित महासमिति के माध्यम से धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता, सामाजिक जागरूकता, जरूरतमंदों की सेवा तथा समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने महासमिति को सफल बनाने और संगठन की गतिविधियों को शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने का संकल्प लिया। करीब 120 महिलाओं की सहभागिता और क्षेत्रवार संयोजिकाओं के चयन के साथ श्री दिगम्बर जैन महिला खरौआ महासमिति का गठन समाज में महिला संगठन की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में सामने आया।
120 महिलाओं की सहभागिता से श्री दिगम्बर जैन महिला खरौआ महासमिति का गठन

