Headlines

गोलाकोट अतिशय क्षेत्र में 25 अक्टूबर को होगा सामूहिक विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ जैसवाल जैन सेवा न्यास परिवार का भव्य आध्यात्मिक आयोजन

मुरैना (मनोज जैन नायक)। जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवाभावी संस्था जैसवाल जैन सेवा न्यास द्वारा समाजसेवा के साथ आध्यात्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा न्यास की गत माह आगरा में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार श्री दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र गोलाकोट की वंदना एवं धार्मिक आयोजन 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
सेवा न्यास के नवमनोनीत महामंत्री रविन्द्र जैन (जमूसर वाले), भोपाल ने बताया कि न्यास परिवार के सदस्य 25 अक्टूबर को तीर्थ क्षेत्र गोलाकोट पहुंचकर सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनेंगे। खनियाधाना स्थित प्रसिद्ध श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र गोलाकोट में रविवार, 25 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सामूहिक विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा।
महामंत्री रविन्द्र जैन के अनुसार न्यास के शीर्ष नेतृत्व की भावना को दृष्टिगत रखते हुए सभी न्यासियों को कार्यक्रम से एक दिन पूर्व शनिवार, 24 अक्टूबर को सपरिवार गोलाकोट बुलाया गया है। इसका उद्देश्य पारिवारिक वातावरण में आपसी संवाद के साथ स्वस्थ एवं सारगर्भित चर्चा करना है। इस दौरान न्यास की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं एवं सामाजिक-धार्मिक सेवा कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी बंधुओं के लिए स्वल्पाहार, आवास, पूजन, भोजन आदि की समुचित व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है, ताकि सभी सदस्य परिवार सहित सहजता एवं आत्मीयता के साथ आयोजन में सहभागी बन सकें।
आयोजन में सेवा न्यास के सभी न्यासी एवं सदस्य सपरिवार सहभागी होंगे। धार्मिक आयोजन का उद्देश्य परिवार, समाज एवं विश्व में सुख-शांति, समृद्धि तथा मंगलभावना की कामना करना है। सामूहिक विधान के माध्यम से श्रद्धालु भगवान की आराधना, पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात विश्व शांति एवं सर्वकल्याण की भावना से महायज्ञ किया जाएगा।
सेवा न्यास परिवार की ओर से सभी साधर्मी बंधुओं एवं श्रद्धालु परिवारों से अधिकाधिक संख्या में सपरिवार पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने और धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है। आयोजकों ने कहा कि सामूहिक धार्मिक आराधना से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और विश्व शांति का संदेश भी प्रसारित होता है।
सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा, कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम, महामंत्री रविन्द्र जैन जमूसर, भोपाल, रूपेश जैन, उत्तम नगर, कोषाध्यक्ष सीए शैलेन्द्र जैन, दिल्ली सहित अन्य पदाधिकारियों ने सेवा न्यास परिवार के समस्त ट्रस्टियों एवं सदस्यों से सपरिवार अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Please follow and like us:
Pin Share