इटावा। थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी क्षेत्र के ग्राम जुगरामऊ में चोरी की झूठी सूचना देने और आपसी विवाद के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की है। पुलिस ने चारों को धारा 170/127/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।17 नवंबर को यूपी-112 के माध्यम से कृष्ण मुरारी कश्यप के घर से तीन लाख रुपये चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में चोरी की सूचना असत्य निकली। कथित चोरी की धनराशि कृष्ण मुरारी की पत्नी सुनीता के पास सुरक्षित मिली।पुलिस जांच में सामने आया कि शालू कुशवाहा और अंश कुमार के बीच मोबाइल फोन पर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर एकत्र होकर आपस में विवाद करने लगे। प्रथम दृष्टया आपसी विवाद के चलते पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से चोरी की झूठी सूचना दिए जाने की बात सामने आई।पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद की स्थिति को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही कर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
चोरी की झूठी सूचना देने के मामले में चार लोगों पर कार्यवाही

