Headlines

इस्लामिया इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

इटावा। यातायात माह नवंबर के तहत बुधवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज में यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात प्रभारी संजय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भी स्वयं के साथ दूसरों की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है।उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों और सड़क चिह्नों का पालन करने तथा गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने से बचने की सलाह दी।यातायात प्रभारी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों व परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित हो सके।कार्यक्रम में टीएसआई सूबेदार सिंह, कॉलेज के शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इटावा पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित चलने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव में सहयोग करने की अपील की।

Please follow and like us:
Pin Share