इटावा। कुनैरा की रहने वाली और सेंट मैरी इंटर स्कूल की छात्रा श्राव्या तिवारी ने महज 10 वर्ष की उम्र में निशानेबाजी के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।गत सप्ताह भोपाल स्थित एमपी शूटिंग एकेडमी में आयोजित ऑल इंडिया KSS इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में श्राव्या तिवारी ने 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा किया गया था।श्राव्या अब दिसंबर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगी, जिसका आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जाता है।श्राव्या तिवारी International Gold Medalist एवं उनके कोच व पिता चंद्रमोहन तिवारी के मार्गदर्शन में SCA Shooting Academy, Kunera में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं। चंद्रमोहन तिवारी ने बताया कि शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए न्यूनतम आयु 10 वर्ष निर्धारित है। श्राव्या ने इसी न्यूनतम आयु में अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।उन्होंने कहा कि श्राव्या अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ लगातार अभ्यास कर रही हैं। पिता और कोच के रूप में दोनों मिलकर उसकी तकनीक, मानसिक मजबूती और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं, ताकि भविष्य में वह भारत के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीत सके।श्राव्या की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले वह जिला स्तर पर स्वर्ण पदक, राज्य स्तर पर रजत पदक और CBSE जोनल स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। महज 10 वर्ष की उम्र में इन उपलब्धियों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर क्वालीफाई करना उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है।
श्राव्या की इस उपलब्धि पर SCA Shooting Academy Kunera परिवार, सेंट मैरी इंटर स्कूल, परिजनों एवं क्षेत्र के खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सभी को उम्मीद है कि श्राव्या आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगी और इटावा व उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
10 वर्ष की उम्र में श्राव्या तिवारी ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

