इटावा। रेलवे माल गोदाम पर स्थित दैनिक वार्ता के कार्यालय पर संस्कृत एवं हिंदी में प्रकाशित होने वाले दैनिक दिग्वार्ता समाचार पत्र के संस्थापक एवं संस्कृत के प्रकांड विद्वान तथा आयुर्वेद सम्राट आचार्य डॉ० सुरजन सिंह तोमर के जन्मोत्सव कार्यक्रम को संस्कृत पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर दिग्वार्ता समाचार पत्र के स्वामी, प्रकाशक एवं संपादक डॉ०उमेश सिंह तोमर ने एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया। इस विचार गोष्ठी में बहु आयामी व्यक्तित्व के स्वामी डॉ०आचार्य सुरजन सिंह तोमर के जीवन से जुड़ी विशेष उपलब्धियां पर गोष्ठी में सम्मानित वक्ताओं ने प्रकाश डाला। उक्त कार्यक्रम में सर्वप्रथम डॉ०आचार्य सुरजन सिंह तोमर के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देने वालों में स्वर्गीय सुरजन सिंह के पुत्र एवं दिग्वार्ता समाचार पत्र के संपादक डॉ०उमेश सिंह तोमर ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की।इसके उपरान्त कार्यक्रम में शामिल सम्मानित अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक मोइनुद्दीन ज़ुबैरी, कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड प्रेम शंकर यादव , वरिष्ठ पत्रकार, लेखिका एवम् कवित्री प्रेरणा ज़ुबैरी, प्रमुख समाजसेवी सुमेर सिंह, पत्रकार राजेंद्र सिंह बाथम , एड०रविंद्र सिंह भदौरिया, गोविंद चतुर्वेदी, सीमा शुक्ला, आदि लोगों ने भी डॉ०आचार्य सुरजन सिंह तोमर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके उपरांत विचार गोष्ठी में डॉ०उमेश सिंह तोमर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कृत के प्रकाण्ड विद्वान एवं प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डॉ० आचार्य सुरजन सिंह तोमर ने अपना संपूर्ण जीवन संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवंम् साहित्य लेखन के माध्यम से साहित्यिक सेवा तथा समाज सेवा में अर्पित किया। विचार गोष्ठी में अन्य वक्ताओं में अपने विचार रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक मोइनुद्दीन ज़ुबैरी, कामरेड प्रेम शंकर यादव एवम् वरिष्ठ पत्रकार व कवित्री प्रेरणा ज़ुबैरी ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
संस्कृत पत्रकारिता दिवस के रूप में मनायी गयी डॉ०आचार्य सुरजन सिंह तोमर की जयंती

