इटावा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की विशेष सुविधा दी जाएगी। 27 अगस्त 2026 की सुबह से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक सभी महिलाओं तथा उनके साथ एक सहयात्री को बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य बहनों को रक्षाबंधन पर अपने मायके एवं परिवारजनों तक सुरक्षित, सुगम और निःशुल्क आवागमन की सुविधा देना है।वहीं, लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का भी जनपद में शुभारंभ विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किया गया। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए महिलाओं को वोटर आईडी कार्ड अथवा आधार कार्ड दिखाना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।राकेश गर्ग ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं से परिवार के साथ समाज एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने मुख्य अतिथियों एवं सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा

