इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में युवती से मोबाइल छीनने की घटना का इटावा पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शुभी राजपूत (24) पुत्र राम प्रकाश राजपूत निवासी ग्राम किल्ली सुल्तानपुर, थाना बसरेहर का है। उसके कब्जे से लूटा गया एंड्रॉयड मोबाइल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस टीम और थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।18 अगस्त की शाम बलराम सिंह चौराहे से कोचिंग पढ़कर पैदल घर जा रही युवती जैसे ही जीआईसी स्कूल ग्राउंड के गेट के पास पहुंची, तभी बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। मामले में 19 अगस्त को थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया था।26 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि युवती का मोबाइल छीनने वाला आरोपी बाइक से लाइन सफारी की ओर आ रहा है। पुलिस ने ठंडी पुलिया लाइन सफारी के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार बाइक सवार ने रुकने का इशारा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी शुभी राजपूत के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ जीआईसी गेट के पास युवती का मोबाइल छीनने की बात पुलिस को बताई।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद जनपदों में चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना सिविल लाइन पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बरामद बाइक को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।इस कार्रवाई में प्रभारी एसओजी एवं प्रभारी सर्विलांस मय टीम तथा प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाइन श्री कण्व कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक हासिक मय पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छिनैती का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार लूटा एंड्रॉयड मोबाइल, तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

