जसवंतनगर। इटावा। थाना क्षेत्र के खेड़ा धौलपुर के पास हाईवे ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी खड़ी बस में पीछे से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार बलवीर समेत करीब सात यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं।घायल डीसीएम चालक की पहचान रामवीर निवासी मानवपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय रामवीर डीसीएम को अकेले चला रहे थे। वाहन में उनके साथ कोई हेल्पर मौजूद नहीं था।टक्कर के बाद मौक़े पर अफ़रा-तफ़री मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रामवीर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खेड़ा धौलपुर ओवरब्रिज पर बस में डीसीएम ने मारी टक्कर, चालक गंभीर

