इटावा। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, के आतिथ्य में आयोजित सीबीएसई ईस्ट ज़ोन क्लस्टर–IV खो-खो चैंपियनशिप 2026 का चार दिवसीय आयोजन 13 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लगातार दूसरी बार विद्यालय को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलने पर विद्यालय प्रबंधन ने सीबीएसई का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम, इटावा में किया गया, जिसमें सीबीएसई लखनऊ रीजन के 31 जिलों से बड़ी संख्या में विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 अगस्त को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। समारोह की शुरुआत मार्च-पास्ट से हुई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों से आई 100 से अधिक टीमों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ सहभागिता की। मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा टॉस कराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, कोच एवं विद्यालयों के लिए आवश्यक सुविधाओं, आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई।चार दिनों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों के बाद विजेता टीमों की घोषणा की गई।अंडर-14 बालिका वर्ग में प्रथम स्थान यश विद्या मंदिर, अयोध्या ने प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग में पंडित बाबूराम पांडेय एकेडमी, दिबियापुर विजेता रही, जबकि पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, इटावा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पंडित बाबूराम पांडेय एकेडमी ने हासिल किया, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में यश विद्या मंदिर, अयोध्या विजेता रहा।इसी क्रम में अंडर-19 बालिका वर्ग में पैराडाइज पब्लिक स्कूल, मैनपुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में एलपीएस, लखनऊ विजेता रहा।समापन अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों, सीबीएसई अधिकारियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने इटावा को खेल प्रतिभाओं के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित किया है। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यालयों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।इस प्रकार खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ सीबीएसई ईस्ट ज़ोन क्लस्टर–IV खो-खो चैंपियनशिप 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।इस अवसर पर सी ओ चकरनगर अभय नारायण जी, सीओ जसवंत नगर आयुषी सिंह, एसडीओ वन विभाग इटावा अंशुमन मित्तल, एसडीओ वन विभाग शिकोहाबाद रविंद्र सिंह भदोरिया, के के डी सी कॉलेज के प्राचार्य महेंद्र सिंह , पंचायत राज महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामपाल , बकेवर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य आरके त्रिपाठी , संत केवलानंद इंटर कॉलेज के चेयरमैन रोहन सिंह , यश इंटरनेशनल की प्रधानाचार्य श्रीमती श्रद्धा दुबे , डॉक्टर मुकेश यादव पी ई एस, सीबीएसई ऑब्जर्वर अंकुर मलिक, स्टेडियम से देवेंद्र पाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल,में सीबीएसई ईस्ट ज़ोन क्लस्टर–IV खो-खो चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन

