ग्वालियर। भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को समर्पित शहर की प्रतिष्ठित संस्था रागायन की मासिक संगीत सभा का आयोजन 9 अगस्त रविवार को सायं 6:30 बजे से सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, लश्कर में किया जा रहा है। संगीतप्रेमियों के लिए आयोजित इस सभा में ध्रुपद, शास्त्रीय गायन और वायलिन वादन की मनोहारी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि साडा के अध्यक्ष अशोक शर्मा होंगे जबकि अध्यक्षता सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला के पूरण वैराठी पीठाधीश्वर स्वामी श्री रामसेवक दास जी महाराज करेंगे। सभा में सुप्रसिद्ध ध्रुपद गायिका सुश्री यखलेश बघेल ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगी, जबकि सुश्री पिंकी रॉय वायलिन वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं दिल्ली के श्री रजनीश कुमार शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगे।
कलाकारों की प्रस्तुतियों में साज-संगति श्री संजय आफले, श्री प्रणव पराड़कर, श्री वीरमणि त्रिवेदी एवं श्री अक्षत मिश्रा करेंगे। आयोजकों ने ग्वालियर के संगीतप्रेमियों, कला रसिकों एवं नागरिकों से इस सुरमयी संध्या में उपस्थित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत की गरिमामयी परंपरा का आनंद लेने का आग्रह किया है।

