Headlines

इटावा जिला अस्पताल में 36 घंटे से सीटी स्केन बंद.मरीजों की बढ़ी परेशानी सीएमएस बोले नहीं है बजट

इटावा। जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे से सीटी स्कैन सेवा ठप पड़ी है। अंडरग्राउंड विद्युत लाइन में फॉल्ट आने के कारण पिछले करीब 36 घंटे से सीटी स्कैन कक्ष की बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से जांच कराने आने वाले मरीजों को बिना सीटी स्कैन कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सीटी स्कैन मशीन पूरी तरह ठीक है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जांच नहीं हो पा रही है। मशीन को जनरेटर से संचालित नहीं किया जा सकता, इसलिए सेवा पूरी तरह बंद है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंचते हैं। पिछले दो दिनों से जांच बंद होने के कारण गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीटी स्कैन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि जर्जर विद्युत लाइन बदलने के लिए पिछले वर्ष शासन से बजट की मांग की गई थी, लेकिन अब तक धनराशि स्वीकृत नहीं हो सकी। अंडरग्राउंड लाइन होने के कारण फॉल्ट का पता लगाने और उसे ठीक करने में भी समय लग रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि लगातार बारिश के कारण विद्युत लाइन में फॉल्ट आया है। लाइन लंबी और अधिक लोड वाली होने से मरम्मत कार्य में समय लग रहा है। इसके लिए शासन को पहले ही धनराशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव और बाद में रिमाइंडर भेजा जा चुका है। तकनीकी टीम फॉल्ट दूर करने में जुटी है और बिजली आपूर्ति बहाल होते ही सीटी स्कैन सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, औरैया निवासी सावित्री ने बताया कि वह सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल आई थीं, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण उनकी जांच नहीं हो सकी। अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें बिजली आने के बाद ही जांच होने की जानकारी दी, जिसके चलते उन्हें बिना जांच कराए लौटना पड़ा।

Please follow and like us:
Pin Share