इटावा। पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल कर जनपद, पुलिस परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता-2026 में विद्यालय की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि विद्यालय के मेधावी छात्रों अनुराग एवं चिराग ने NEET-2026 में सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता के कांस्य पदक मुकाबले में पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, झारखंड को 3-0 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।वहीं, विद्यालय के छात्र अनुराग एवं चिराग ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में सफलता अर्जित कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया।इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने हॉकी टीम एवं NEET सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है, जबकि शिक्षा विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण के लिए सक्षम बनाती है।क्षेत्राधिकारी लाइन आयुषी सिंह ने भी सफल विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों ने खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताते हुए खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना की।
हॉकी टीम की सफलता में प्रशिक्षक श्रीमती अलका सिंह, श्रीमती राखी राठौर तथा शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन एवं अथक परिश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस मॉडर्न स्कूल की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग ने सभी खिलाड़ियों, मेधावी विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इटावा का पुलिस मॉडर्न स्कूल ने बढ़ाया गौरव, एसएसपी ने विघार्थियों को किया सम्मानित

