Headlines

‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान से गूंजा कृषि महाविद्यालय परिसर, विद्यार्थियों ने लिया हरियाली संरक्षण का संकल्प

ग्वालियर। पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, ग्वालियर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रावास क्रमांक-1 परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. वाई. पी. सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पेड़-पौधे हमें स्वच्छ वायु और ऑक्सीजन देने के साथ जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में अमरूद एवं कटहल के पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उद्यानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. आर. के. जायसवाल, डॉ. के. पी. सिंह, डॉ. सी. एस. तोमर, डॉ. सिद्धार्थ नामदेव, डॉ. आर. के. धाकड़, एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. विकास कुमार सहित पीएचडी, स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

Please follow and like us:
Pin Share