औरैया। जनपद के अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम बेलासार (पट्टी देवी), ग्राम पंचायत ऊँचा मिश्रिपुर में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला का दिव्यांग पति गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्राम निवासी मंजू देवी पत्नी चन्द्रशेखर द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गांव से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन अक्सर टूटती रहती है, जिससे पहले भी हादसों की आशंका बनी रहती थी। आरोप है कि 24 मई 2026 को विद्युत लाइन टूटकर उनके घर पर गिर गई, जिससे उनकी भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।पीड़िता के अनुसार मृत भैंस की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये थी। वहीं, उनके दिव्यांग पति चन्द्रशेखर उर्फ मुन्नीम भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका उपचार इटावा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मंजू देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गरीब एवं भूमिहीन महिला हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में पशु की मौत और पति के उपचार ने परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।पीड़िता ने जिलाधिकारी से शासन एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाए जाने तथा उचित मुआवजा स्वीकृत करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को कब तक राहत उपलब्ध कराता है।
11 हजार वोल्ट लाइन टूटने से भैंस की मौत, दिव्यांग पति झुलसा; पीड़िता ने डीएम से लगाई मुआवजे की गुहार

