Headlines

आरक्षी भर्ती परीक्षा की व्यवस्थाओं का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जनपद इटावा में कुल 11 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 25,632 अभ्यर्थी तीनों दिनों में परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित हो रही है। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया। डीएम एवं एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि पुलिस द्वारा 8 एवं 9 जून की दोनों पालियों की परीक्षा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई जा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share