इटावा -गणाचार्य आचार्य श्री 108 विराग सागर महाराज जी के शिष्य परम पूज्य पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर महाराज जी ससंघ के 12 जून को प्रस्तावित भव्य नगर प्रवेश को लेकर जैन समाज एवं श्री दिगम्बर जैन साधु सेवा समिति द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर के विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।आचार्य श्री का भव्य नगर प्रवेश 12 जून 2026 (शुक्रवार) प्रातः 7 बजे इटावा नगर में होगा। नगर प्रवेश यात्रा छैराहा, पचराहा, राजागंज चौराहा, सीओ सिटी चौराहा, जिला परिषद, सराय शेख, तिकोनिया, पक्की सराय, नगरपालिका चौराहा, राजा गंज चौराहा,रंगलाल चौराहा एवं महावीर मार्ग से होते हुए श्री दिगम्बर जैन मंदिर, लालपुरा पहुंचेगी।श्री दिगम्बर जैन साधु सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं प्रतिष्ठित स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने तथा गुरुवर के पावन चरणों का प्रक्षालन एवं आरती कर भव्य स्वागत करने की अपील की है। नगर प्रवेश मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा एवं धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी की जा रही हैं।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार आचार्य श्री का यह नगर प्रवेश ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनने जा रहा है। समाज के सभी वर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है तथा नगर प्रवेश में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
“गुरुवर का शुभ आगमन, धर्म और संस्कारों का अभिनंदन” के भाव के साथ पूरा जैन समाज इस ऐतिहासिक अवसर की तैयारियों में जुटा हुआ है।
आचार्य श्री विशुद्ध सागर महाराज जी ससंघ का कल होगा भव्य नगर प्रवेश, तैयारियों में जुटा जैन समाज

