इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंगलवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने जनता इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, केकेडीसी डिग्री कॉलेज, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कृषि एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा पंचायत राज राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों में लगभग 25,632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली 3 बजे से 5 बजे तक संचालित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं कानून-व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा, 11 केंद्रों का किया निरीक्षण

