इटावा- उत्तर प्रदेश राइफल संघ द्वारा 4 से 8 जून तक नोएडा स्थित प्रोमिथियस स्कूल में आयोजित उत्तर प्रदेश प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में इटावा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफिकेशन हासिल किए।प्रतियोगिता की 10 मीटर एयर राइफल सब यूथ वूमेन टीम स्पर्धा में इटावा की श्राव्या तिवारी, स्पर्शिका राठौर एवं आराध्या दुबे की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। विशेष बात यह रही कि श्राव्या तिवारी ने मात्र 10 वर्ष की आयु में अपने पहले ही बड़े शूटिंग मुकाबले में पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इटावा जनपद के शूटिंग इतिहास में इतनी कम आयु में पहली प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली खिलाड़ियों में उनका नाम विशेष रूप से दर्ज हो गया है।श्राव्या तिवारी, एससीए शूटिंग अकैडमी कुनेरा के मुख्य प्रशिक्षक कोच चंद्रमोहन तिवारी की पुत्री हैं और उन्हीं के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि संपूर्ण जनपद गौरवान्वित है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी प्रकार मेहनत और अनुशासन जारी रहा तो भविष्य में श्राव्या राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इटावा और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।प्रतियोगिता में एससीए शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों ने अन्य वर्गों में भी शानदार प्रदर्शन किया। विपिन कुमार, जो 28वीं बटालियन पीएसी में आरक्षी पद पर तैनात हैं, ने 10 मीटर एयर राइफल मेन पुलिस सर्विसेज वर्ग में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।वहीं कई खिलाड़ियों ने आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में हार्दिक बरुआ, आर्यन यादव, अक्षत, गौरव, साहिल, अमरेश आनंद वर्मा, नवेद्य यादव एवं आर्थिक प्रताप ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान सुनिश्चित किया। इनमें कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इसी वर्ष शूटिंग खेल की शुरुआत की है और अपने पहले ही सत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।इसके अतिरिक्त 10 मीटर एयर पिस्टल वर्ग में अंश तिवारी, राधे कृष्ण, साहिल, उत्कर्ष, शिवम पाल एवं हर्षित दुबे ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।अब यह सभी खिलाड़ी आगामी डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, दिल्ली में 21 जून से 30 जून तक आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेंगे। एससीए शूटिंग अकैडमी कुनेरा के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। खिलाड़ी प्री-नेशनल एवं नेशनल चैंपियनशिप के लिए स्थान बनाने तथा पदक जीतने के उद्देश्य से निरंतर कठोर अभ्यास कर रहे हैं।
इस अवसर पर कोच चंद्रमोहन तिवारी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी एससीए शूटिंग अकैडमी कुनेरा के खिलाड़ी इटावा और उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।इटावा के शूटिंग खेल के लिए यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है। कम समय में एससीए शूटिंग अकैडमी कुनेरा के खिलाड़ियों द्वारा प्राप्त की गई सफलताएँ यह दर्शाती हैं कि जनपद के युवा निशानेबाज अब प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
इटावा का नाम किया रोशन, श्राव्या तिवारी ने जीता रजत पदक

