इटावा। ग्राम रतनपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा की स्थापना एवं अनावरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण कर और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन भरथना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राघवेंद्र सिंह गौतम द्वारा कराया गया था। प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन संघर्ष, प्रशासनिक दक्षता और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला और कहा अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन महान शासकों में शामिल हैं, जिन्होंने जनकल्याण, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सामाजिक समरसता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। प्रतिमा स्थल पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, वीरू भदौरिया, सर्वेश शाक्य, सांसद जितेंद्र दोहरे, अशोक यादव, रूबी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का शिवपाल सिंह ने किया अनावरण

