इटावा- जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने अब पूरी तरह सख्त रुख अपना लिया है। बिना वैध परमिट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन विभाग ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उन वाहनों को चिन्हित किया गया है जो बिना स्कूल परमिट के बच्चों को लाने-ले जाने में लगे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कई बार निर्देश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अनेक स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों ने नियमों का पालन नहीं किया और न ही आवश्यक परमिट बनवाए। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि अभियान के दौरान बिना परमिट संचालित स्कूल वाहनों को मौके पर ही सीज कर संबंधित थानों में खड़ा कराया जा रहा है। साथ ही भारी जुर्माना भी लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुवार को परिवहन विभाग कार्यालय में स्कूल वाहन स्वामियों के साथ एक आवश्यक बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें वाहन संचालन से जुड़े नियमों, सुरक्षा मानकों और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी वाहन स्वामी तत्काल ऑनलाइन आवेदन कर वैध स्कूल परमिट प्राप्त करें, अन्यथा उनके वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर पंजीयन निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनपद इटावा में लगभग 800 स्कूल वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 672 वाहनों को UPISVMP पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है, जबकि 654 वाहनों का निरीक्षण भी पूरा हो चुका है। निरीक्षण में मिली कमियों की जानकारी वाहन स्वामियों को दे दी गई है। इसके बावजूद 175 स्कूल वाहन अब भी बिना परमिट संचालित पाए गए हैं। परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों के चालक और परिचालकों की पूरी व्यक्तिगत जानकारी जैसे आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे। कई स्कूल संचालकों द्वारा इसमें सहयोग नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो संबंधित स्कूल संचालकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती के बाद जिले भर के स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। परिवहन विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।
इटावा में बिना परमिट स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा प्रहार

