इटावा -पानकुँवर इंटरनेशनल स्कूल सदैव से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इसी क्रम में विद्यालय के 8 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन उत्तर प्रदेश खो-खो एसोसिएशन जूनियर स्टेट खो-खो चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका वर्ग) में प्रतिभाग करने हेतु हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 मई से 7 मई 2026 तक अमर शहीद स्पोर्ट्स स्टेडियम, बस्ती में आयोजित की जाएगी।विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में रुद्र यादव, विनय, अभय यादव, अंकित यादव, आर्यन तिवारी, ईशान कुमार, आर्यन एवं पियूष शामिल हैं। सभी खिलाड़ी आज पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुए हैं और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए संकल्पित हैं।टीम के साथ विद्यालय के पीटीआई दुश्यंत कुमार टीम मैनेजर के रूप में उपस्थित रहेंगे। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में विद्यालय के खेल शिक्षक आरती यादव, ऋषभ यादव एवं दुश्यंत कुमार का विशेष योगदान रहा है, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट तैयारी की है।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खेल शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों के लिए इसी प्रकार तैयार करने हेतु प्रेरित किया।विद्यालय परिवार की ओर से सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गई हैं और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की गई है।
पानकुँवर इंटरनेशनल स्कूल के स्टेट चैंपियनशिप के खिलाड़ी बस्ती के लिए रवाना

