इटावा। चंबल इलाके में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार का दावा किया।
गाजीपुर की घटना पर पुलिस और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। इटावा के साथ भेदभाव का मुद्दा उठाया। वहीं साथ ही जातीय जनगणना, महिला आरक्षण और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भाजपा ऐतिहासिक हार की ओर बढ़ रही है। उन्होंने गाजीपुर की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जब पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, तब भाजपा और पुलिस ने मिलकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने यह भी कहा, पत्थरबाजी करवाई गई और आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इटावा के साथ भेदभाव कर रही है। यहां की जमीनों पर माफियाओं का कब्जा बढ़ा है। नदियों और जंगलों को नुकसान पहुंचाया गया है। जनता को परेशानी दी जा रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रहने दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी और विपक्ष की मांग है कि सामान्य जनगणना के साथ जातीय जनगणना भी कराई जाए, ताकि वंचित और शोषित वर्गों को नीतियों के माध्यम से उनका अधिकार मिल सके।
बंगाल-तमिलनाडु में भाजपा रही है हार- अखिलेश यादव

