Headlines

परिवार नियोजन कार्यक्रम को गंभीरता से लें – कलेक्टर श्रीमती चौहान

ग्वालियर 28 अक्टूबर 2026/ परिवार नियोजन कार्यक्रम को गंभीरता से लें। इसकी नियमित रूप से समीक्षा करें। साथ ही जिला स्तरीय सेवा प्रदायगी शिविर लगाकर परिवार नियोजन के ऑपरेशन कराए जाएं। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला स्तरीय क्वालिटी इंश्योरेंस कमेटी की बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवार कल्याण अधिकारी को दिए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि जिन सर्जन के ज्यादा परिवार नियोजन प्रकरण असफल हुए हैं, उनकी समीक्षा करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि आगे से परिवार नियोजन प्रकरण असफल न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत भविष्य में परिवार नियोजन की लक्ष्यपूर्ति नहीं हुई तो इसके लिये जिला परिवार कल्याण अधिकारी जवाबदेह होंगे।
बैठक में परिवार नियोजन के 14 असफल प्रकरण विचार के लिये रखे गए। जिनमें से 12 प्रकरणों में क्षतिपूर्ति की स्वीकृति दी गई। इन प्रकरणों को भुगतान के लिये राज्य स्तरीय समिति से स्वीकृति प्राप्त करने के लिये भेजा जायेगा।
बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई जिला क्वालिटी इंश्योरेंस कमेटी की बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एस सागर एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी एस राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Please follow and like us:
Pin Share