Headlines

रिजर्व पुलिस लाइन में एसएसपी ने आईजीआरएस, यक्ष ऐप और चोरी-नकबजनी के मामलों की समीक्षा

इटावा। जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इसमें आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग तथा चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम एवं अनावरण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यवाही में तेजी लाने पर जोर दिया।गोष्ठी में एसएसपी ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष तरीके से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के संकलन एवं विश्लेषण के लिए यक्ष ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों का समुचित इस्तेमाल करते हुए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए, ताकि पुलिस कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।चोरी एवं नकबजनी से संबंधित लंबित और प्रचलित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। ऐसी घटनाओं का शीघ्र अनावरण कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इन बिंदुओं पर की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा करें। कार्य में लापरवाही न बरती जाए और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनशिकायतों के निस्तारण में भी प्रभावी परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री श्रीचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share