संयुक्त प्रेस क्लब ने डीएम के यशस्वी कार्यकाल का एक वर्ष पूर्व होने पर किया अभिनंदन

इटावा-संयुक्त प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश ने गुरुवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला का जनपद इटावा में यशस्वी कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर अभिनंदन किया और बधाई दी।संयुक्त प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष राजेन्द्र भसीन, महामंत्री सुधीर मिश्र, इलेक्ट्रानिक मीडिया अध्यक्ष अन्नू चौरसिया, संगठन सचिव रघुवीर यादव और प्रचार मंत्री नितेश प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला को एक वर्ष का यशस्वी कार्यकाल पूर्ण होने पर अभिनंदन पत्र एवं बुके भेंट कर बधाई दी और कहा कि आप जैसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी का इटावा में होना जनपद का सौभाग्य है।उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने गत वर्ष 16 अप्रैल को इटावा में कार्यभार संभाला था और उन्होंने पहले ही दिन से अपनी अनुपम एवं अनूठी कार्यशैली का परिचय देते हुए अपने दफ्तर आने वाले सभी फरियादियों के लिए दरवाजे खोल दिए थे ताकि कलट्टर साहब से मिलने वालों को प्रोटोकॉल वाली किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।वे संभवतः जिले के ऐसे पहले जिलाधिकारी हैं,जिन्होंने अपने कार्यालय में सर्वाधिक समय तक (यहां तक कि छुट्टी वाले दिन भी) बैठने का रिकॉर्ड बनाया है।इसके अलावा उन्होंने जिले में श्रावस्ती मॉडल जैसा अभियान चलाकर हजारों एकड़ जनता की तथा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया।विलक्षण क्रिएटिविटी का सोच रखने वाले जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला ने जनपद की ऐतिहासिक प्रदर्शनी को भी भव्य एवं दर्शकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए अभिनव प्रयोग किए।सिद्धपीठ पिलुआ मंदिर मार्ग को सौंदर्यीकरण के साथ चौड़ा किए जाने तथा चकरनगर क्षेत्र के ग्राम कांयक्षी के उस संपर्क मार्ग को स्वीकृति दिलाना,जो आजादी के बाद से अब तक अधूरा था,कुछ ऐसे उल्लेखनीय कार्य कराए, जिसने उनकी आदर्श कर्तव्यनिष्ठा,अनुपम कार्यसंस्कृति और अद्वितीय लोक परायणता के लिए जनता में उन्हें लोकप्रिय बनाया है।बिना किसी “साहबी रुतबे” के सभी से पूरी सादगी और सहजता के साथ मिलने के उनके स्वभाव की चर्चा अक्सर लोग करते हैं।संयुक्त प्रेस क्लब की ओर से ऐसे कर्तव्यनिष्ठ यशस्वी जिलाधिकारी का अभिनन्दन किया जाना एक कृतज्ञतापूर्ण दायित्व का निर्वहन है। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने अभिनंदन और बधाई के लिए संयुक्त प्रेस क्लब के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा के साथ पालन करना सभी का दायित्व है,मैं भी कोशिश करता हूं कि जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाने की अपनी जिम्मेदारी को ठीक ढंग से निभा सकूं।

Please follow and like us:
Pin Share