भिण्ड 14 अप्रैल 2026/भारत रत्न, संविधान निर्माता, बाबा साहेब डाॅ भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम भिण्ड शहर के वार्ड क्रमांक 04 भीमनगर में आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद श्रीमती संध्या राय, विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर भिण्ड, एसडीएम भिण्ड, सीएमओ भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिभा पर दीपोत्सव एवं माल्यार्पण कर और उन्हें नमन कर किया गया।
सांसद श्रीमती संध्या राय ने उपस्थित जनों को संबोधित कर कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज सेवा, शिक्षा और सामाजिक समरसता के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहा। सरकार उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल समाज तक ही सीमित नहीं हैं, अब बाबा साहेब पूरे विश्व में व्याप्त हैं और जन-जन के मन में हैं। देश की लगभग 144 करोड़ जनता बाबा साहेब पर विश्वास और आस्था रखती है, क्योंकि उन्होंने केवल समाज के लिए ही नहीं किया, उन्होंने सर्व समाज के लिए, मातृ शक्ति के लिए, मजदूरों, वंचितों के लिए काम किया, शिक्षा के क्षेत्र में माता-बहनों को पढ़ाई का अधिकार मिले, इसके लिए उन्होंने लड़ाई लड़ी और देश की आधी आबादी के लिए संकल्पबद्ध थे।
बाबा साहेब डाॅ भीमराव अम्बेडकर जी ने जिस प्रकार नारी शक्ति के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी, उनके इस संकल्प को सरकार करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे बिल को पास किया और अब 16, 17 व 18 को विशेष सत्र बुलाकर इस बिल को लागू किया जाएगा। जिससे आने वाले समय में हमारी बहनें 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ लोकसभा और विधानसभा में चुनकर पहुंचेंगी। जिससे देश की प्रगति में, देश की आर्थिक स्थिति में और जो भी कानून बनेंगे उसमें हमारी बहनों की बराबर की भागीदारी होगी। यह निश्चित ही सर्व समाज की मातृ शक्ति के हित में बनने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को विकास की दिशा से जोड़ेगा।
विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि सभी महापुरुषों का सम्मान करना ही हमारी परम्परा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बाबा साहेब के सभी तीर्थ स्थलों को विकास की गति से आगे बढ़ाया है। मध्यप्रदेश के मऊ में तीर्थ स्थल के रूप में बाबा साहेब की जन्मस्थली को सजाया गया है। दिल्ली से लेकर के अनेक स्थानों पर जहां बाबा साहेब का जीवन व्यतीत हुआ, उन सभी जगहों पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उनके तीर्थ स्थलों का विकास की दृष्टि से निर्माण कराने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान की रचना कर समाज को विकास की दृष्टि से आगे पहुंचाने का कार्य किया है। बाबा साहेब सामाजिक समरसता के त्रिमूर्ति थे जिन्होंने समाज को शिक्षित बनाने के लिए संविधान की रचना की।
कलेक्टर भिण्ड ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी के मूल आदर्श, विशेषकर शिक्षा व समाज सुधार के क्षेत्र में, हमें अपनाने चाहिए। उनकी जीवनी से अधिकतम सीख लें। उनके आदर्शों पर चलकर ही बाबा साहेब की जयंती पर सच्चा नमन व श्रद्धांजलि होगी।

