मुरैना/श्रीमहावीरजी (मनोज जैन नायक) भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक के पावन पर्व पर अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी द्वारा भव्य जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की जाएगी ।
संघस्थ बाल ब्रह्मचारिणी बहिन कंचन दीदी द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार सराकोद्धारक समाधिस्थ आचार्य ज्ञानसागरजी महाराज की अंतिम दीक्षित शिष्या गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी ससंघ अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में विश्रामरत होकर धर्म प्रभावना कर रहीं हैं। प्रतिदिन गुरुमां के भक्तों का आवागमन लगा हुआ है । वर्तमान में पूज्य माताजी अपनी शिष्यायों आर्यिका अमोघ मति माताजी, आर्यिका अर्पणमति माताजी एवं आर्यिका अंशमति माताजी के साथ अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी की कटला वाली मुख्य धर्मशाला में प्रवासरत हैं।
जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव सम्पूर्ण विश्व में 30 मार्च को मनाया जा रहा है । इस पावन अवसर पर अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी में पूज्य गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी के कर कमलों से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की जाएगी ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी ब्रह्मचारिणी बहिन रामा दीदी ने आर्यिका दीक्षा प्रदान करने हेतु पूज्य गुरुमां आर्षमति माताजी के श्री चरणों में श्रीफल भेंट किया । पूज्य गुरुमां ने रामा दीदी की संयम साधना, भक्ति एवं भावना को देखते हुए उनके आग्रह को स्वीकार कर दीक्षा देना स्वीकार किया है । दीक्षा हेतु पूज्य माताजी ने सप्तम पट्टाचार्य गुरुदेव श्री ज्ञेयसागर जी महाराज से स्वीकृति प्राप्त कर दीक्षा हेतु भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार 30 मार्च दोपहर 03.30 का दिन समय निश्चित किया है ।
इस अवसर पर प्रतिष्ठाचार्य पंडित मुकेश जैन मधुर श्रीमहावीरजी, विधानाचार्य विकर्ष शास्त्री सलेहा, विधानाचार्य अभिषेक शास्त्री सागर विशेष रूप से उपस्थित रहकर सभी धार्मिक क्रियाओं को संपन्न कराएगें । कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं संगीतकार दीक्षा जैन सागर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी । भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा का आयोजन बड़ा जैन मंदिर, कटला परिसर श्रीमहावीरजी में सम्पन्न होगा ।
भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह में आगरा, ग्वालियर, मुरैना, अम्बाह, दिल्ली, गाजियाबाद, धौलपुर सहित सम्पूर्ण भारतवर्ष से हजारों की संख्या में साधर्मी बंधुओं के उपस्थित होने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ।
श्री अतिशय क्षेत्र श्रीमहावीरजी प्रवंध समिति ने सभी साधर्मी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है ।
आर्यिका आर्षमति के कर कमलों से होगी भव्य जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा

