Headlines

त्योहारों को लेकर बस स्टैंड और वृंदावन कॉलोनी में एसपी सिटी बाबिता सिंह ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

इटावा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एसपी सिटी बाबिता सिंह ने कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड और सिविल लाइन क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान बसों और परिसर में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।इसके बाद एसपी सिटी ने वृंदावन कॉलोनी में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।

Please follow and like us:
Pin Share