सरकार का उद्देश्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करना – मंत्री राकेश शुक्ला

शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे संकल्प से समाधान अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार 18 मार्च को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में जनपद पंचायत रौन स्थित शास. उत्कृष्ट उ.मा.वि. रौन परिसर में ब्लॉक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर भिण्ड, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, एसडीएम लहार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर के दौरान नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला एवं अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों द्वारा दर्ज कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए कहा गया।
इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न विभाग अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने नागरिकों को संबोधित कर कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से शासन, प्रशासन सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

Please follow and like us:
Pin Share