इटावा -कलेक्टर सभागार मे जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।जिलाधिकारी ने होम डिलीवरी और ई-के वाई सी में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया साथ ही उन्होंने जनपद में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, केवल अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ व्यावहारिक दिक्कतें आई हैं, जिन्हें अतिरिक्त मैनपावर लगाकर तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए साथ ही वितरण प्रक्रिया की मॉनिटरिंग इस प्रकार हो कि डेटा स्पष्ट रहे कि कितनी बुकिंग हुई और कितनों को सिलेंडर दिया गया। उन्होंने कहा कि गैस का वितरण केवल ‘होम डिलीवरी’ के माध्यम से ही किया जाए और गोदामों से वितरण पूरी तरह बंद किया जाए। वितरण के दौरान सीरियल नंबर का कड़ाई से पालन किया जाए एवं जो उपभोक्ता अपने दिए गए पते पर उपलब्ध नहीं हैं, उनके नाम सूची से हटा दिए जाएं ताकि व्यवस्था सुचारू रहे। पंजीकरण और शुल्कों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाए और अतिरिक्त वसूली की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है, हालांकि एक सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग मान्य होगी।उन्होंने कहा कि जिनकी ई-केवाईसी नहीं हुई है उनको जल्द पूर्ण करले ताकि सिलेंडर बुकिंग में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के प्रति संवेदनशील बनें और एक ऐसा पारदर्शी सिस्टम विकसित करें जिससे आम नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो।उक्त बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिये होम डिलीवरी व ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश

