Headlines

नवागढ़ में ग्लोबल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमनालाल जी हपावत

मुरैना/नवागढ़ (मनोज जैन नायक) श्री प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ जी में अखिल भारतीय ग्लोबल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमनालाल जी हपावत का आगमन अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय रहा।
आप के पावन आगमन से क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण और भी अधिक प्रफुल्लित हो उठा। क्षेत्र के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं तथा गुरुकुलम के छात्रों एवं शिक्षकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
अपने प्रवास के दौरान श्री जमनालाल जी हपावत ने क्षेत्र में सातवीं शताब्दी के भौंयरे के साथ प्रकटित अतिशयकारी चमत्कारी श्री अरनाथ भगवान के दर्शन, आरती एवं ध्यान करके धर्मलाभ प्राप्त किया।
उन्होंने मंदिर परिसर में संगृहीत 5 लाख वर्ष प्राचीन मानव सभ्यता के क्रमिक विकास के विशेष आयामों का अवलोकन किया तथा क्षेत्र की प्राचीनता, धार्मिक महत्ता, सांस्कृतिक विरासत से साक्षात्कार करके आश्चर्य व्यक्त किया। यहां की व्यवस्थाओं का गंभीरता से अवलोकन करते हुए की सराहना की।
इसके पश्चात श्री नवागढ़ गुरुकुलम् में उन्होंने छात्रों से आत्मीय संवाद किया। छात्रों से चर्चा करते हुए उन्होंने जीवन में शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि गुरुकुलम् जैसे संस्थान केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों में संस्कार, नैतिकता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का भी विकास करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
आपने पुनः परिवार के साथ आकर भगवान अमरनाथ स्वामी का अभिषेक, शांति धारा एवं विधान करने का भाव व्यक्त किया।
इस अवसर पर गुरुकुलम् निर्देशक श्री ब्र. जयकुमार जी निशांत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुकुलम् का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर श्रेष्ठ चरित्र, संस्कार और आत्मानुशासन का विकास करना है। उन्होंने बताया कि गुरुकुलम् में विद्यार्थियों को आध्यात्मिकता, संस्कृति और आधुनिक शिक्षा के समन्वय के साथ तैयार किया जाता है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बन सकें। उन्होंने श्री जमनालाल जी हपावत के आगमन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन युवाओं को सही दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र कमेटी के महामंत्री श्री वीरचंद्र जी जैन नैकोरा, गुरुकुलम् के मंत्री श्री अशोक जी मैनवार, तथा गुरुकुलम् के शिक्षको ने श्री जमनालाल जी हपावत का सम्मान कर उनका हार्दिक अभिनंदन किया तथा वीरचंद्र जी नैकोरा ने उनके अमूल्य विचारों और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पावन आगमन से समस्त क्षेत्र में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यक्रम का समापन धर्म, शिक्षा और संस्कारों के संदेश के साथ अत्यंत प्रेरणादायी वातावरण में हुआ।

Please follow and like us:
Pin Share