इटावा-उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी को संयुक्त प्रेस क्लब इटावा के अध्यक्ष राजेन्द्र भसीन,महामंत्री सुधीर मिश्रा ने साथियों के साथ पत्रकार हितों की मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।बुधवार को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी को संबोधित ज्ञापन में मांग करते हुए कहा कि हमारे पत्रकार संगठन के साथी सादर अनुरोध के साथ इस ज्ञापन में आपके समक्ष कुछ मांगें रखना चाहते हैं,हमें विश्वास है कि आपके द्वारा पूरी संवेदनशीलता और सहृदयता के साथ इनका समाधान अवश्य किया जाएगा।ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारों के सम्मान,सुरक्षा और उनकी पहचान को लेकर शासन एवं प्रशासन स्तर पर विशेष प्रावधान लागू किए जाएं।जनपद में मान्यता प्राप्त कई पत्रकार साथियों को अभी तक आयुष्मान कार्ड बनकर नहीं मिले हैं,जिन्हें शीघ्र बनवाया जाए।पत्रकारों के परिवार के सदस्यों को भी शिक्षा,स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवाओं में वरीयता दी जाए तथा 60 साल से ऊपर के वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन दिए जाने की व्यवस्था की जाए ताकि वे भी अपनी अवस्थाजन्य कठिन और विपरीतपरिस्थितियों में अपना जीवन सुविधापूर्वक निर्वाह कर सकें।ज्ञापन में मांग की गई कि सूचना विभाग से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की लिस्ट सभी विभागों में दी जाए ताकि वहां जाने पर उन्हें किसी असम्मान और असुविधा का सामना न करना पड़े।इसी के साथ मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए कोरोना काल से बंद हुई रेल यात्रा में आधा किराया एवं उन्हें टोल टैक्स में छूट की सुविधा पुनः शुरू कराने की व्यवस्था की जाए।छोटे नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले सभी पत्रकारों/मीडियाकर्मियों की सुरक्षा एवं कवरेज सुविधाओं के साथ साथ उन्हें उनकी विशेष पारिवारिक जरूरतों के अनुसार शासन प्रशासन स्तर से आर्थिक सहायता दिए जाने की व्यवस्था की जाए एवं पत्रकारों के बैठने के लिए कलेक्ट्रेट (कचहरी) प्रांगण में उचित स्थान की व्यवस्था की जाए।ज्ञापन में मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों/मीडियाकर्मियों का किसी स्तर पर उत्पीड़न होने के मामले की त्वरित न्यायिक अथवा विशेष एजेंसी से जांच कराकर उनके हितों की रक्षा की जाए।संयुक्त प्रेस क्लब इटावा के पदाधिकारियों ने कहा कि हमें विश्वास है कि आप हमारी उक्त समस्याओं एवं मांगों पर गंभीरता से ध्यान देकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का निर्देश जारी करेंगे।ज्ञापन देने वालों में संयुक्त प्रेस क्लब इटावा इलेक्ट्रॉनिक विंग प्रभारी अन्नू चौरसिया,आशुतोष बाजपेयी,रविन्द्र चौहान के अलावा रघुवीर सिंह,नितेश प्रताप सिंह व सुघर सिंह आदि शामिल रहे।
संयुक्त प्रेस क्लब ने पत्रकार हितों की मांगों को लेकर उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा

