अम्बाह रक्तदान शिविर में कलेक्टर ने किया रक्तदान मैत्रीवेलफेयर फाउंडेशन व दि.जैन सोशल ग्रुप ने किया शिविर का आयोजन

मुरैना/अम्बाह (मनोज जैन नायक) विगत दिवस जैन बगीची परिसर अंबाह में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का समूह उमड़ पड़ा । एक सैकड़ा से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में ग्वालियर एवं मुरैना से आई विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने पूरी सावधानी और चिकित्सकीय मानकों के साथ रक्त संग्रहण की प्रक्रिया संपन्न कराई।
मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला दंडाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ (कलेक्टर मुरैना) सम्मिलित हुए । उन्होंने स्वयं भी रक्तदान किया ।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि जैसे ही कलेक्टर महोदय ने अपना नाम ब्लड डोनर के रूप में लिखाया, आप भी इस कैंप का हिस्सा बन गए। मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया।
इस अवसर कलेक्टर लोकेशकुमार जांगिड़ ने कहा कि “रक्तदान से केवल एक जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां बचाई जा सकती हैं।” देश में प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता होती है और समय पर रक्त उपलब्ध न होने से कई मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। एक यूनिट रक्त दुर्घटना पीड़ित, प्रसूता महिला,गंभीर मरीज या थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में सुरक्षित रूप से कई बार रक्तदान कर सकता है और इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता।
शिविर का आयोजन मैत्री वेलफेयर फाउंडेशन एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा किया गया, जिसमें रक्तदाताओं को फल, नारियल पानी, कैप, ज्यूस, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रक्तदान जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका कलेक्टर ने अवलोकन कर सराहना की। कार्यक्रम में एसडीएम रामनिवास सिंह सिकरवार, तहसीलदार भारतेंदु सिद्धार्थ गौतम, बीएमओ प्रमोद शर्मा, नितेश जैन लोक सेवा अधिकारी निवाड़ी सहित अनेकों गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share