जैन मिलन अम्बाह की कार्यकारिणी का हुआ गठन ओ.पी. जैन अध्यक्ष, मितुल शाहबजाज महामंत्री बने

मुरैना/अम्बाह (मनोज जैन नायक) जैन मिलन अम्बाह की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया । रविवार को ओ.पी. जैन के निवास पर जैन मिलन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक राजेश जैन (ग्वालियर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर अशोक कुमार जैन (एडवोकेट) एवं महेश चंद्र जैन (एमपीईबी) सहित समाज के कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य जैन समाज को संगठित, सक्रिय और सेवा कार्यों में अग्रणी बनाने की दिशा में ठोस पहल करना था। चर्चा के दौरान समाज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए संगठित प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया।
सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी में ओ.पी. जैन को अध्यक्ष, मितुल जैन “शाहबजाज” को महामंत्री तथा राजकुमार जैन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई । कार्यकारिणी सदस्यों में शुभम जैन, सम्मेद जैन, सुजल जैन, रितिक जैन, मयंक जैन (मोन्टी), आकाश जैन ज्वैलर्स, संजू जैन (साड़ी वाले) एवं संजय जैन (इन्वर्टर वाले) को शामिल किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजेश जैन ने कहा कि जैन मिलन ग्रुप का मूल उद्देश्य समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से धार्मिक संस्कारों का प्रचार-प्रसार, सामाजिक समरसता, शिक्षा प्रोत्साहन, स्वास्थ्य सहायता और सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को आगे आकर नेतृत्व करने और समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर पारदर्शिता, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करेंगे तो जैन मिलन अंबाह में समाज सेवा का सशक्त मंच बन सकता है। संगठन केवल नाम मात्र का न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर वास्तविक सहयोग प्रदान करे, यही इसकी सफलता होगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करेंगे तथा जैन मिलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share